छतरपुर। छतरपुर जिले में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। दिन भर आसमान में घने बादलों का डेरा बना रहा और बीच-बीच में रुक-रुक कर बारिश की बौछारें पड़ती रहीं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का तापमान लगभग 27 से 31 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जबकि हवा में नमी का स्तर करीब 91 प्रतिशत रहा। मौसम में बनी इस नमी और चक्रवातीय गतिविधियों के चलते आगामी दिनों में भी जिले भर में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की स्थिति बने रहने की संभावना है।
छतरपुर जिले में इस वर्ष बारिश की शुरुआत काफी धीमी रही थी। जून और जुलाई के शुरुआती हफ्तों में मानसून के सुस्त पड़ने के कारण औसत से कम बारिश दर्ज की गई थी। आंकड़ों के मुताबिक जुलाई तक जिले में केवल 293.2 मिमी औसत वर्षा हुई थी, जो कि गत वर्ष की इसी अवधि (606 मिमी) की तुलना में आधी से भी कम थी। हालांकि, जुलाई के अंतिम सप्ताह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला अगस्त माह में भी लगातार जारी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी 11 और 12 अगस्त तक जिले में मानसून पूरी तरह मेहरबान रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने जिले के नागरिकों और किसानों को गरज-चमक के समय खुले मैदानों व पेड़ों के नीचे न जाने तथा आकाशीय बिजली से सावधान रहने की सलाह दी है।









