
घुवारा। भगवां थाना क्षेत्र के घुवारा चौकी अंतर्गत सागर नेशनल हाइवे के बूदौर तिराहे पर बीते रोज घायल अवस्था में मिले युवक ने जमीनी विवाद के चलते दो युवकों पर गोली मारने के आरोप लगाए हैं। घायल का इलाज टीकमगढ़ जिला अस्पताल में किया जा रहा है।जानकारी के अनुसार बीते रोज दोपहर बूदौर तिराहे के समीप बछरावनी निवासी रामकिशन रैकवार अपनी बाइक के साथ सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला था। घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुवारा लाया गया था। डाक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल टीकमगढ़ रैफर किया था। वहीं डॉक्टर द्वारा बताया गया कि अभी गोली लगने की पूर्ण रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घायल युवक ने बताया कि वह मंगलवार की दोपहर घुवारा से अपने घर बछरावनी जा रहा था। इस बीच बूदौर तिराहे के पास पहले दो अज्ञात बाइक सवारों ने रोक लिया और वह बातचीत करने लगे। इसके कुछ देर बाद घुवारा निवासी रामानुज दीक्षित और बछरावनी निवासी रामअवतार सामने से बाइक से आए और जमीनी विवाद के चलते गाली-गलौज करने लगे। इसी बीच बाइक पर पीछे बैठे रामानुज दीक्षित ने कट्टे से गोली चला दी जो कंधे पर जाकर लगी और मौके से फरार हो गए।वहीं बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा ने बताया कि घटना की जानकारी लगने पर मौके का निरीक्षण किया गया था लेकिन वहां पर ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले थे। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।








