Home डेली न्यूज़ हर-हर महादेव के जयकारों के साथ प्रारंभ हुई 11वीं कांवड़ यात्रा

हर-हर महादेव के जयकारों के साथ प्रारंभ हुई 11वीं कांवड़ यात्रा

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन माह के पावन अवसर पर छतरपुर शहर में 11वीं भव्य कावड़ यात्रा निकाली जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा को लेकर शिव भक्तों और कावड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा का शुभारंभ शहर के रामचरितमानस परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से हुआ, जहाँ मंच से भगवान शिव की आराधना और संगीतमय भजनों के बीच हजारों कावड़िए व श्रद्धालु शामिल हुए।
रामचरितमानस परिसर में धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल जटाशंकर धाम के लिए रवाना हुई। बोल बम और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे कावड़िए जटाशंकर धाम पहुँचकर पवित्र जल से जटाधारी महादेव का जलाभिषेक करेंगे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और आयोजकों द्वारा क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी वर्षा की कामना की जा रही है। धार्मिक मंच से कावड़ यात्रा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने अपने पिछले आयोजनों और संगठन के अनुभवों को साझा किया। वहीं वर्ष 2023 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा नेता अर्चना सिंह भावुक हो गईं। उन्होंने अपने राजनीतिक संघर्ष को याद करते हुए कहा कि इसी मंच पर वर्ष 2023 में उन्हें पता चला था कि पार्टी ने उन्हें 51-छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी नहीं बनाया है, जिससे उस समय वे अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस मोड़ के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और जनता की सेवा तथा धर्म के मार्ग पर लगातार संघर्ष करती रहीं।
शिव भक्ति और जन-स्नेह से सफल हो रही यात्रा
अर्चना सिंह ने आगे कहा कि जटाधारी महादेव की असीम कृपा और छतरपुर की जनता व श्रद्धालुओं के अटूट स्नेह के बल पर ही सावन माह की यह कावड़ यात्रा हर साल सफलता के नए सोपान तय कर रही है। कावड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा कावड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जा रहा है। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शिव भक्त शामिल हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here