छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में रफ्तार और अचानक सामने आए अवरोध के चलते एक और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर-मरतला मार्ग पर बसारी के पास फोरलेन के समीप गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में टैक्सी चला रहे 22 वर्षीय नौजवान चालक की गंभीर चोटें आने से असमय मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के संकट मोचन तिराहा निवासी शाहबाज खान (उम्र 22 वर्ष, आत्मज मुश्ताक खान) गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अपनी टैक्सी लेकर मरतला की तरफ से वापस छतरपुर शहर की ओर लौट रहे थे। वे जैसे ही बसारी गांव पार कर फोरलेन मार्ग के नजदीक पहुंचे, तभी अचानक एक अन्य अज्ञात वाहन उनकी टैक्सी के ठीक सामने आ गया। सामने आए वाहन से सीधी टक्कर से बचने के प्रयास में शाहबाज ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया। तेज गति में अचानक संतुलन बिगडऩे से टैक्सी सड़क पर कई बार पलटते हुए बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।









