
ढोल नगाड़े लेकर पहुंचा पुलिस, प्रशासन
छतरपुर। सिटी कोतवाली और शहर के अन्य थानों में लगभग 32 मामलों में फरार चल रहे आदतन इनामी अपराधी जाफिर खान उर्फ जफ्फू के बड़ी कुंजरेहटी स्थित निवास पर गुरूवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ढोल नगाड़ों के साथ पहुंच गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने मकान की नाप करायी और परिवार के लोगों को चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के भीतर जफ्फू पेश नहीं होता है तो वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 हजार के इनामी फरार अपराधी जफ्फू खान पर दबिश देने के उद्देश्य से उसके बड़ी कुंजरेहटी स्थित घर की नाप करायी गई। गौरतलब है कि जफ्फू पर सिटी कोतवाली सहित जिले के विभिन्न थानों में 30 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं जिनमें से दो हत्या के मामले भी हैं। इन सभी अपराधों में जाफिर खान फरारी काट रहा है। अपराधी पर दबाव बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने मकान नपवाने की कार्यवाही की है। ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस, राजस्व और नपा की टीम एनाउंसमेंट करते हुए उसके घर तक पहुंची। राजस्व की टीम ने पूरे मकान की नाप की है। वहीं पुलिस ने परिजनों को चेतावनी दी है कि अगर दो दिन के अंदर जफ्फू आत्मसमर्पण नहीं करता है तो मकान गिराने की कार्यवाही भी की जा सकती है।








