
छतरपुर। शहर के नारायणपुरा रोड स्थित दक्ष फार्मेसी कॉलेज में बी फार्मा में अध्ययनरत अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विगत रोज एक समारोह के माध्यम से विदाई दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दक्ष गु्रप ऑफ इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर अजयलाल के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जो सीखता है उसे धरातल पर उतारने के बाद ही सफल होता है। उन्होंने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कॉलेज के एडवाइजरी चेयरमैन डॉ. अशोक निगम ने अपने उद्बोधन में कहा कि यहां सीखे गए ज्ञान का उपयोग जनकल्याण में करें जिससे छात्रों का स्वयं का और कॉलेज का नाम रोशन हो। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति डा. डीपी शुक्ला उपस्थित हुए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगे बढऩे का आशीर्वाद दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में महाराजा छत्रसाल बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के डीन डॉ. ओपी अरजरिया रहे। दक्ष फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष मिश्रा ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है। प्राचार्य डॉ. विजय निगम ने कहा कि लक्ष्य बनाकर उसे पाने निरंतर प्रयास करें। कॉलेज के एचओडी प्रशांत गुप्ता ने आभार जताया। कॉलेज के मीडिया प्रभारी शशांक चौरसिया ने भी अंत में शुभकामनाएं दीं।








