
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगरावन में अहिरवार परिवार के दो पक्षों के बीच एक विवाह समारोह के दौरान जमकर विवाद हुआ जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया। बुधवार को पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। शिकायतकर्ता कमलेश तनय मुन्ना अहिरवार ने बताया कि उसके चाचा गौरीशंकर अहिरवार, ग्यासी सहित तीन अन्य लोगों को आरोपी मनीराम, राजू, सुरेश, मनीष और शैलू अहिरवार आदि ने एक शादी समारोह में लाठी, डण्डों से हमला कर दिया। आरोपियों ने शराब के नशे में पीडि़त परिवार के साथ मारपीट की। पीडि़तों ने बताया कि जब वे नौगांव थाने पहुंचे तो पुलिस ने साधारण मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जबकि उन्हें जानलेवा चोटें आयी हैं। परिवार ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग की है।








