
एक दर्जन परिवारों ने कलेक्टर को सुनाई व्यथा
छतरपुर। छतरपुर एसडीएम के निर्देश पर शहर के सागर रोड पर स्थित ग्राम चौका के समीप शासकीय जमीन पर बने कुछ गरीब परिवारों के मकानों को अतिक्रमण मानते हुए इनके विरूद्ध कार्यवाही की गई। प्रशासन ने 6 मकानों को तोड़ दिया। इस कार्यवाही के बाद इस इलाके में रहने वाले अनेक अवैध निवासियों के द्वारा कलेक्टर से शासकीय कार्यवाही रोकने और पट्टा दिए जाने की मांग के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यहां रहने वाले बलराम कुशवाहा, नाथूराम कुशवाहा, हल्लू, गणेश, जगदीश, कुलदीप, संतोष, बब्बू, गोविंद, सीताराम, शिवराम कुशवाहा, कालीचरण, राजाराम कुशवाहा आदि पर पूर्व में पांच-पांच हजार रूपए का अर्थदण्ड हो चुका है। इसके अलावा कई लोगों ने मप्र शासन द्वारा दिए गए पट्टे के भूखण्ड पर ही अपना निर्माण किया है फिर भी उनके मकानों को तोड़ दिया गया। इन लोगों ने कलेक्टर से नए पट्टे देने और शासकीय कार्यवाही को रोकने की मांग की है।








