
42 मरीजों की हुई जांच, 9 को भेजा गया चित्रकूट
बड़ामलहरा। प्रत्येक माह की 29 तारीख को लगने वाला नि:शुल्क नेत्र शिविर 29 अप्रैल सोमवार को द्रोणगिरी भवन में सम्पन्न हुआ। शिविर के संयोजक निखिल जैन ने बताया कि नगर एवं दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आये 42 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया जिसमें लेंस प्रत्यारोपण हेतु 9 मरीज योग्य पाए गए। जिन्हें सद्गुरु सेवा संघ की एम्बुलेंस द्वारा नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट भेजा गया। चित्रकूट से आये डॉ. मनीष यादव, डॉ नमन मिश्रा एवं डॉ विजय पांडे की टीम ने दीपक जैन (मनु) एवं लवकुश कुशवाहा के सहयोग से सभी मरीजों का नेत्र परीक्षण किया। वहीं पिछले शिविर में लेंस प्रत्यारोपण करा चुके मरीजों को चश्मे वितरित किये। दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र ट्रस्ट कमेटी द्रोणगिरि, मनीष जैन बकस्वाहा के संयोजकत्व में हर माह की 29 तारीख को नेत्र शिविर का आयोजन करती है जिसमें क्षेत्र के हजारों मरीज नि:शुल्क नेत्र परीक्षण कराकर शिविर का लाभ ले चुके हैं।







