
छतरपुर। ऐसे कम अवसर होते हैं जब जनता की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों की मदद करने का मौका आम आदमी को मिलता है, ऐसा ही मामला सामने आया है छतरपुर जिले में, जहां एक राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त महिला पुलिसकर्मी का भाई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया और जब उसे इलाज के दौरान रक्त की जरूरत पड़ी तो आपाजी ब्लड ग्रुप के द्वारा तत्काल दो यूनिट रक्त की व्यवस्था कराते हुए घायल की मदद की गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले के नौगांव थाना में पदस्थ राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त महिला पुलिसकर्मी रीना पटेल के भाई अंकित पटेल उम्र 30 वर्ष थ्रेसर की चपेट में आकर घायल हो गए थे। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अंकित को दो यूनिट बी निगेटिव रक्त की आवश्यकता थी और उसका ऑपरेशन रुका हुआ था। रक्त का इंतजाम कराने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर को दी। अरविंद कुजूर ने तत्काल आपाजी ब्लड ग्रुप से संपर्क किया, जिसके बाद आपाजी ब्लड ग्रुप ने जिला अस्पताल की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. श्वेता गर्ग से संपर्क कर एक यूनिट बी निगेटिव रक्त की व्यवस्था कराई। जबकि एक यूनिट रक्तदान समाजसेवी पवन पटैरिया द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि घायल अंकित पटेल की बहन रीना पटेल नौगांव थाना में पदस्थ हैं। यह वही रीना पटेल हैं, जिन्होंने नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दौरिया में हुई आगजनी की घटना के दौरान अपनी जान पर खेलकर कई लोगों की जान बचाई थी। इसी बहादुरी के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था।








