
प्रताप नवयुवक संघ द्वारा प्रशिक्षण देकर तैयार किए जा रहे दल
छतरपुर। आगामी रामनवमीं के त्यौहार पर शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। एक ओर रामभक्त शहर को सजाने में जुटे हैं तो वहीं दूसरी ओर समाजसेवी संगठनों ने शोभायात्रा में शामिल होने वाले दलों को प्रशिक्षण देना शुरु कर दिया है। शहर के राजमहल परिसर में प्रताप नवयुवक संघ द्वारा रामनवमीं की शोभायात्रा में शामिल होने वाले डमरू, तलवार, झांझ, झंडा, मुगदर, ढोल और मलखंभ दलों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रताप नवयुवक संघ के सदस्य प्रदीप सेन ने बताया कि चूंकि इस वर्ष अयोध्या के नवनिर्मित राममंदिर में भगवान विराजमान हुए हैं, जिस कारण से संपूर्ण देश में रामनवमीं पर्व को लेकर दोगुना उत्साह है तथा छतरपुर में भी इसका असर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष रामनवमीं की शोभायात्रा में शामिल होने वाले दलों के लिए युवाओं द्वारा जो पंजीयन कराए जाते थे, उसकी तुलना में इस वर्ष अधिक संख्या में युवा भाग लेने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं। अभी तक 400 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराए हैं और यह आंकड़ा हर रोज बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लगभग 700 रजिस्ट्रेशन होने की संभावना है। राजमहल परिसर में दिए जा रहे प्रशिक्षण के संबंध में उन्होंने बताया कि रामनवमी की शोभायात्रा में प्रताप नवयुवक संघ का डमरू, तलवार, झांझ, झंडा, मुगदर, मलखंभ और ढोल दल शामिल होगा, जो भगवान गजानन की झांकी के पीछे अपने करतब दिखाकर लोगों को आकर्षित करेंगे। इन्हीं दलों में शामिल होने के लिए जिन युवाओं ने पंजीयन कराए हैं उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। तलवार दल के लिए प्रशिक्षण ले रहीं स्नेहा अहिरवार, निक्की वाल्मीकि, इच्छा तिवारी, शिवानी रैकवार आदि ने बताया कि वे शोभायात्रा में बतौर तलवार दल शामिल होने के लिए बेहद उत्सुक हैं और प्रशिक्षण में कड़ी मेहनत कर रहीं हैं। इसी तरह मुगदर दल के लिए प्रशिक्षण ले रहीं प्रियांशी शुक्ला, शिवानी रैकवार, आशी शुक्ला आदि ने भी शोभायात्रा को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया।








