
पुलिस ने की जप्त, आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मंशा से समस्त थाना प्रभारियों को कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। इन्हीं निर्देशों का पालन करते हुए ओरछा रोड थाना पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जप्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र यादव ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम धामची में फोरलेन ओवरब्रिज के पास एक खेत में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देख मौके पर मौजूद व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। खेत की तलाशी लेने पर पुलिस को 7 पेटी अवैध शराब मिली, जिसे जप्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि उक्त 7 पेटियों में कुल 56 लीटर अवैध शराब थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मूलचंद्र पुत्र शंकर लाल यादव निवासी धामची बताया है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।







