
जिला अस्पताल की लिफ्ट खराब, परेशान हो रहे मरीज
छतरपुर। हाल ही में जिला अस्पताल की लिफ्ट खराब होने से कुछ समय तक मरीज और परिजन लिफ्ट में फंसने को मजबूर हो गए थे। लिफ्ट खराब होने से हा-हा कार की स्थिति निर्मित हो गई थी। जैसे-तैसे लिफ्ट ठीक कराई गई लेकिन इसके बाद भी जिला अस्पताल की लिफ्ट दुरूस्त नहीं हो सकी हैं। गंभीर मरीज और प्रसूता लिफ्ट के सहारे वार्डों में पहुंचाए जाते हैं लेकिन लिफ्ट खराब होने से ऐसे मरीजों को सीढिय़ों के सहारे तीसरी से चौथी मंजिल तक भेजा जा रहा है। लिफ्ट खराब होने से दर्द से तड़प रही प्रसूता को सीढिय़ों के सहारे महिला वार्ड तक ले जाया गया। अपने परिवार की प्रसूता को लेकर जिला अस्पताल आयी राजकुमारी ने बताया कि लिफ्ट खराब है। प्रसूता का ऑपरेशन किया जाना है ऐसी हालत में उसे दूसरी मंजिल में स्थित महिला वार्ड तक कैसे ले जाया जाए। लिफ्ट खराब होने की स्थिति में परिजन प्रसूता को सहारा देकर सीढिय़ों के माध्यम से ऊपर ले गए। चूंकि दर्द अत्यधिक था इसलिए प्रसूता सीढिय़ों के माध्यम से दूसरी मंजिल तक जाने में कठिनाई महसूस कर रही थी। जिला अस्पताल के मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि लिफ्ट को दुरूस्त कराने की दिशा में अस्पताल प्रबंधन का कोई ध्यान नहीं है। उधर सूत्र बताते हैं कि मरीजों और परिजनों के अधिक दबाव के कारण लिफ्ट खराब हो रही है।








