Home छतरपुर प्रॉपर्टी डीलर को होली मिलन समारोह में बुलाया और मार दी गोली

प्रॉपर्टी डीलर को होली मिलन समारोह में बुलाया और मार दी गोली

Jeevan Ayurveda

कनपटी में गोली लगने से मौके पर हुई मौत, चार गिरफ्तार
छतरपुर। गत रोज जब पूरा शहर के होली के उत्साह में डूबा हुआ था तभी एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई। बताया गया है कि आरोपियों ने प्रॉपर्टी डीलर को होली के कार्यक्रम में बुलाया था, जहां गले मिलते वक्त उसकी कनपदटी में गोली मार दी गई, जिससे प्रॉपर्टी डीलर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को आरोपी बनाया है और चारों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभिषेक परिहार  का नाम भी जोड़ा जा रहा है, हालांकि इस पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम हरिओम शुक्ला है, जो कि एक प्रॉपर्टी डीलर था और एक प्रॉपर्टी को लेकर उसका विवाद चल रहा था। बीते रोज आकाश यादव नाम के सख्श ने होली के मौके पर हरिओम को फोन लगाया और समझौता करने की बात कहकर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महोबा रोड पर चल रहे होली कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। हरिओम शुक्ला, आकाश की बातों में आ गया और दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचा। यहां आकाश यादव, हरिओम को गले लगाने के लिए उसके पास गया और जैसे ही हरिओम गले मिला आकाश ने उसकी कनपटी पर बंदूक रखकर दो फायर कर दिए। पहली गोली गर्दन के पीछे सिर में लगी और दूसरी गोली कनपटी में जिससे हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि घटना के वक्त भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभिषेक परिहार के अलावा शिवम सोनी और राशू नाम का सख्श भी आकाश के साथ थे। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी अगम जैन, एएसपी विक्रम सिंह और सीएसपी अमित मिश्रा समेत सिटी कोतवाली, ओरछा थाना, सिविल लाइन, यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से 4 बाइक और एक जिप्सी कार जब्त की है, इसके साथ ही कोतवाली थाना में आकाश यादव, अभिषेक परिहार, रासू राजा और शिवम सोनी पर नामजद मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। शव का पोस्टमार्टम डॉ. तौसीफ रजा, डॉ. सुरेंद्र शर्मा और नंद किशोर जाटव ने किया। डॉ. तौसीफ रजा ने बताया कि मृतक के सिर में 2 गोली लगी हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार को मृतक के ग्रह ग्राम महाराजपुर थाना क्षेत्र के खैरी में अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के भाई ने कहा- पहले भी हो चुका है हमला
मृतक हरिओम शुक्ला के भाई दीपक शुक्ला ने बताया कि उक्त आरोपी पूर्व में उसके घर पर भी गोली चला चुके हैं। जब पुलिस से शिकायत की गई थी किंतु सत्तादल के करीबी होने के चलते आरोपियों पर केस दर्ज नहीं किया गया था। वहीं हरिओम शुक्ला के ड्राइवर प्रशांत कुशवाहा ने बताया कि आरोपियों से मृतक हरिओम की पूर्व में अच्छी दोस्ती थी। कुछ समय से जमीनी विवाद के चलते उनमें अनबन चल रही थी। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे आकाश, अभिषेक और रासू ने हरिओम को होली खेलने के लिए बुलाया था, जहां गोली मारकर हरिओम की हत्या कर दी गई।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here