
पुलिस अधीक्षक के पास घायल बकरी लेकर पहुंची महिला
छतरपुर। नौगांव थाना अंतर्गत आने वाली लुगासी चौकी क्षेत्र के ग्राम भैरोंगंज में एक व्यक्ति ने न सिर्फ महिला की बकरी के साथ मारपीट की बल्कि बकरी मालिक के परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके चलते पूरा परिवार गांव में नहीं जा पा रहा है। पीडि़त परिवार की महिला बुधवार को घायल बकरी के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां शिकायती आवेदन देकर दोषी के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग रखी है। पीडि़त परिवार की महिला कलावती अहिरवार निवासी भैरोंगंज ने बताया कि 10 मार्च को उसकी बकरी गांव के श्रीराम पटेल के चबूतरे पर पहुंच गई थी, जिस पर श्रीराम पटेल ने बकरी को उठाकर सड़क पर पटक दिया और बकरी घायल हो गई। इसके बाद श्रीराम पटेल ने कलावती के ससुर हरिदास अहिरवार को भी जूतों से पीटा और पूरे परिवार को धमकी देते हुए कहा कि यदि वे गांव में दिखे तो वह उन्हें जान से मार देगा। श्रीराम पटेल की धमकी के कारण कलावती का परिवार गांव में नहीं जा पा रहा है। पीडि़त महिला के मुताबिक 10 मार्च और 11 मार्च को उसने लुगासी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी है। बुधवार को कलावती अहिरवार घायल बकरी लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और शिकायत करते हुए आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की है।







