Home डेली न्यूज़ नौगांव में एसडीएम कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठे विद्यार्थी

नौगांव में एसडीएम कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठे विद्यार्थी

Jeevan Ayurveda


नौगांव। शासकीय पीएम श्री बापू महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को बस किराया कम करने की मांग को लेकर छतरपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग और नौगांव-पलेरा-टीकमगढ़ मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। सड़क पर छात्रों के अचानक बैठकर प्रदर्शन करने से दोनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों तथा यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
25-30 गांवों के 1500 विद्यार्थी प्रभावित
कॉलेज में पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे आसपास के करीब 25 से 30 ग्रामीण इलाकों से प्रतिदिन नौगांव आते हैं। हाल ही में बस संचालकों द्वारा किराए में की गई बढ़ोतरी के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर भारी बोझ पड़ गया है। बढ़ा हुआ किराया न दे पाने के कारण कई ग्रामीण छात्र-छात्राओं ने कॉलेज आना तक बंद कर दिया है, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन के बाद भड़का आक्रोश, सड़क पर बैठे छात्र
छात्रों ने बताया कि उन्होंने पहले भी किराया कम कराने को लेकर एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एसडीएम को ज्ञापन देने पहुंचे, तो नायब तहसीलदार प्रदीप राजपूत ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि इस मामले पर वरिष्ठ अधिकारी निर्णय लेंगे। तत्काल समाधान न मिलने से नाराज विद्यार्थी सड़कों पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए छतरपुर-झांसी हाईवे पर धरना देकर बैठ गए।
आधा किराया करने की मांग, मुख्यमंत्री और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
चक्काजाम के दौरान उग्र छात्रों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले करीब 1000 से 1500 विद्यार्थियों की स्थिति को देखते हुए छात्रों का बस किराया आधा (हाफ टिकट) किया जाना चाहिए।
लंबे समय तक किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर न पहुँचने से छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। करीब दो से तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। विद्यार्थियों ने जिला कलेक्टर से गुहार लगाई है कि ग्रामीण छात्रों को बस किराए में तत्काल राहत दिलाई जाए, ताकि वे नियमित रूप से कॉलेज आकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here