
बड़ामलहरा। थाना क्षेत्र अंतर्गत बमनी-टौरिया मार्ग पर तेज रफ्तार मोटर साइकिल के पेड़ से टकरा जाने के कारण बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि कर्री निवासी भरत आदिवासी उम्र 20 वर्ष अपने साथी प्रेमलाल आदिवासी उम्र 20 वर्ष के साथ तेज रफ्तार में अपनी मोटरसाइकिल से बमनी-टौरिया मार्ग पर जा रहा था, तभी बाईक असंतुलित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में भरत आदिवासी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि प्रेमलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनो को एंबुलेंस से सीएचसी बड़ामलहरा भेजा गया, जहां डॉ. केपी बामौरिया ने भरत को मृत घोषित कर प्रेमलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।







