
छतरपुर। शहर के नारायणपुरा रोड स्थित दक्ष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के फार्मेसी कॉलेज में बी. फार्मा अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर तृतीय वर्ष के छात्रों ने रंगारंग विदाई समारोह प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत डायरेक्टर अजय लाल के प्रेरक संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने छात्रों को जीवन के वास्तविक धरातल पर उतरने की सीख देते हुए एकता में कार्य करने का महत्व बताया। एडवाइजरी चेयरमैन डॉ. अशोक निगम ने कहा कि दक्ष कॉलेज के छात्र-छात्राएं देश की विभिन्न कंपनियों में अपनी पहचान बना रहे हैं और जूनियर्स के लिए आदर्श बनें, यह अपेक्षा की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की कुलपति ने दक्ष कॉलेज की सकारात्मक छवि की सराहना करते हुए छात्रों को लाइफटाइम लर्निंग की महत्ता बताई। विशिष्ट अतिथि डॉ. सुमति प्रकाश जैन ने छात्रों को बड़े सपने देखने और गुरुओं व माता-पिता के आशीर्वाद की अहमियत समझाई। समारोह के दौरान छात्रों को विशेष टाइटल के साथ प्रमाण पत्र और ग्रेजुएशन कैप प्रदान किए गए। फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। फार्मेसी लोगो को दीप प्रज्वलित कर छात्रों ने संस्थान की पहचान को दर्शाया और फार्मासिस्ट की शपथ भी ली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशुतोष मिश्रा एवं छात्रा कात्यायनी ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विजय निगम ने लक्ष्य निर्धारण और सतत प्रयास पर बल दिया। समापन अवसर पर एचओडी प्रशांत गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। एकेडमिक हेड डॉ. पवन बाजपेई और मीडिया प्रभारी शशांक चौरसिया ने इस आयोजन को छात्रों के लिए ऊर्जादायक बताया। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त प्राध्यापक, स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।








