
हरपालपुर। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जल संरक्षण और वर्षा जल की बूंद-बूंद बचाने का जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगर परिषद हरपालपुर द्वारा अध्यक्ष अमित अग्रवाल एवं सीएमओ महादेव अवस्थी की अगुवाई में जन भागीदारी से जल स्रोतों को सुरक्षित एवं स्वच्छ रखने तालाबों का सौंदर्यीकरण, बिगड़े हुए पार्को का कायाकल्प, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का रखरखाव एवं सुधार कार्य सहित सफाई अभियान सहित जागरुकता अभियान चलाकर प्रभावी कार्य एवं गतिविधियां आयोजित की जा रही है।उपयंत्री धीरेंद्र तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत नगरीय क्षेत्र में लहचूरा रोड में बड़ी बूटी के पास 25 लाख की लागत से उद्यान का निर्माण किया गया है। वार्ड क्रमांक 12 में 55 लाख की लागत से सत्तन तलैया का सौंदर्यीकरण किया गया है। अभियान के तहत सत्तन तलैया की खुदाई कार्य हेतु ई-निविदा जारी की गयी है जिसमें 12.41 लाख से खुदाई कार्य संपादित किया जाना प्रस्तावित है जिससे जल स्टोर में समुचित वृद्धि होगी एवं 250 लाख लीटर अतिरिक्त पानी स्टोर की क्षमता बढ़ेगी। उपयंत्री गगन सूर्यवंशी ने कहा कि नगर के बिगड़े हुए पार्को का कायाकल्प कार्य शुरु कर उनको हरा भरा किया जा रहा है। शासकीय कार्यालयों में लगे वाटर हार्वेस्टिंग की सफाई एवं सुधार कार्य कराया जा रहा है। सीएमओ महादेव अवस्थी ने कहा 30 जून 2025 तक चलने वाले अभियान के तहत जल वितरण प्रणालियों की साफ सफाई, जल स्त्रोतों के आस पास पौध रोपण के कार्य प्राथमिकता पर किये जायेगें।








