
।छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से करीब एक माह पहले मवेशी चोरी होने की घटना सामने आई थी। पशुपालक ने दो लोगों पर चोरी के आरोप लगाकर सीसीटीवी फुटेज सहित शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन अभी तक आरोपियों को पकड़ा नहीं गया है। मंगलवार को पशु पालक अनोखे अंदाज में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देने पहुंचा। दरअसल पशुपालक अपनी खोई हुई भैंस के बच्चे को अपने साथ लेकर आया था और आवेदन देते हुए उसने भैंस के बच्चे की मां को खोजने की मांग की।सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कर्री निवासी धनीराम पटेल ने बताया कि उसके पास दो भैंसें थी, जो कि 9 जनवरी 2025 की रात को चोरी हो गई। भैंस चोरी के संबंध में उसने सिविल लाइन थाना में आरोपियों के नाम बताकर शिकायत की थी और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया था लेकिन एक माह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा है। धनीराम का आरोप है कि राजेन्द्र पुत्र जानकी यादव निवासी ग्राम ढड़ारी और रामजी यादव निवासी ग्राम महाराजगंज द्वारा उसकी भैंस चोरी की गई है। कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।








