
छतरपुर। मतंगेश्वर सेवा समिति खजुराहो, दद्दाजी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर और परिवर्तन एनजीओ के पंडित सुधीर शर्मा ने देश के प्रख्यात आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. तन्मय गोस्वामी से विशेष मुलाकात कर खजुराहो में एक उच्च स्तरीय आयुर्वेद संस्थान खोलने का आग्रह किया है। इसके अलावा उन्होंने अर्हम ध्यान योग के नयन जैन से भी मुलाकात की। मुलाकात के दौरान खजुराहो के हेल्थ एवं टूरिज्म डेवलपमेन्ट पर श्री शर्मा ने विस्तृत चर्चा की। श्री शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. तन्मय गोस्वामी के देश में कई जगहों पर आयुर्वेदिक संस्थान हैं। उनकी विशेषता है कि, वे हर दवा का वर्णन प्राचीन पद्धति से श्लोक द्वारा करते हैं। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा ने इन दिनों मथुरा-वृंदावन और बरसाना में विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वास्थ्य विशेषज्ञओं, संतों, प्रोफ़ेसरों, आयुर्वेद के जानकारों एवं बुद्धिजीवीयों से मुलाक़ात कर रहे हैं। इटली से आई सरिता शर्मा एवं गुइड़ो गोविन्द बोरसो ने आयुर्वेद से प्रभावित होकर कहा कि जल्द ही उनके इंटरनेशनल ब्रांड लिउ मिग्रानते के द्वारा सभी महत्वपूर्ण आयुर्वेद उत्पाद पूरे यूरोप में उपलब्ध कराए जाएंगे। श्री शर्मा के सहयोगी कृष्णा प्रसाद एवं शरद प्रसाद ने खजुराहो में डॉ. तन्मय गोस्वामी के संरक्षण में आयूर ग्राम का भूमि पूजन कराने की बात भी कही है। डॉ. तन्मय गोस्वामी ने खजुराहो डांस फेस्टिवल में शामिल होने की सहमति उन्हें प्रदान की।









