
अवैध हथियारों के प्रदर्शन और उनका इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सटई पुलिस द्वारा एक युवक को अवैध कट्टा के साथ पकड़ा गया है। सटई थाना प्रभारी रूपनारायण पटैरिया ने बताया कि विगत दिवस भ्रमण के दौरान नंदगांय तिराहा के नसीम ढाबा कस्बा सटई में एक व्यक्ति के अवैध हथियार सहित होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदेही की तलाशी ली, जिसमें उसके पास 315 बोर का देसी कट्टा एवं कारतूस मिला। अवैध हथियार जप्त कर आरोपी नरेश पुत्र हरी अहिरवार उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम अगरा थाना सटई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में नरेश ने बताया कि उसने रामकिशन पुत्र बब्बू अनुरागी उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पिपट से उक्त हथियार खरीदा है। उक्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रामकिशन को भी पकड़ लिया है। उक्त अपराध में आकाश चौरसिया निवासी पिपट भी संलिप्त है, जिसकी तलाश अभी पुलिस द्वारा की जा रही है। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना सटई में आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्यवाही की गई है।







