
अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सीधी और कानपुर ने जीते मुकाबले
नौगांव। नगर के राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में चल रहे अखिल भारतीय अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को पूल ए के लीग मुकाबले संपन्न हुए, जिसमें आशीष नेहरा अकादमी टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।सेमीफाइनल में चार टीम नोएडा, दिल्ली, कानपुर और सीधी पहुंची हैं, जिनके मैच मंगलवार को होंगे।रविवार को पहला मैच आशीष नेहरा अकादमी और सीधी के बीच हुआ, जिसमें सीधी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 133 रन बनाए। सीधी की टीम से बल्लेबाज अविनाश सिंह ने 44 और निकुंज जैन ने 37 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वही आशीष नेहरा अकादमी के गेंदबाज सबा करीम ने इस पारी में तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आशीष नेहरा अकादमी की टीम मात्र 108 रन ही बना सकी तथा 24 रनों से सीधी ने यह मुकाबला जीत लिया। दूसरा मैच कानपुर और दिल्ली के बीच हुआ, जिसमें कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 136 रन बनाए। कानपुर के विनायक सिंह ने 41 और आदित्य पांडे ने शानदार 36 रन बनाए। इस पारी में दिल्ली के गेंदबाज आदित्य पांडे ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम कमाल नहीं कर सकी। दिल्ली की ओर से सिर्फ एक बल्लेबाज आदित्य पांडे ने 50 रनों की पारी खेली, शेष टीम 13वें ओवर में 108 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। रविवार को मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर पहुंचे। अंपायर की भूमिका में प्रतीक सक्सेना, विशेष रावत, शाहिद बजाज और अमित बिछोले ने निभाई, जबकि कॉमेंट्री का जिम्मा जयकुमार दुबे, सुशील वैद्य, शिवम साहू, विष्णु स्वरूप नायक और डॉ मनोज कुशवाहा ने संभाला।









