
हरपालपुर। जिले के किसानों के लिए इस सप्ताह में दूसरी बार राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल हरपालपुर रेल्वे स्टेशन 2965 मीट्रिक टन एनएफएल यूरिया की एक और रैक पहुंची। इस सप्ताह में यह दूसरा मौका था जब यूरिया की खेप हरपालपुर आई है। रैक पॉइंट पर कृषि विभाग के एसएडीओ सूरजभान पटेल और कृषि अधिकारी सुरेंद्र अग्रवाल की निगरानी में यूरिया का परिवहन भी शुरु हो चुका है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रकों से परिवहन कर जिले के डबल लॉक गोदामों और सहकारी समितियों में यूरिया भेजा जाएगा। इस खेप में से 2076 मीट्रिक टन यूरिया छतरपुर जिले के भंडारण केंद्र पर भेजा जा रहा है, इसके अलावा छतरपुर को 360 एमटी, बिजावर 339, बमीठा 258 टन, लवकुशनगर 447 टन, हरपालपुर 60 एमटी, गढ़ीमलहरा 138 एमटी, छत्रसाल विपरण सहकारी समिति राजनगर 54 एमटी, विपरण सहकारी समिति 54 एमटी और सहकारी समितियों में सीधा प्रदाय 216 एमटी किया गया है। इसके अलावा टीकमगढ़ जिले के पलेरा में 150 एमटी यूरिया भेजा जा रहा है।









