
प्रभारी कुलसचिव को सौंपा आधा दर्जन मांगों का ज्ञापन
छतरपुर। हाल ही में महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर द्वारा घोषित किए गए परीक्षा परिणामों की विसंगतियों सहित विश्वविद्यालय में व्याप्त बिजली, पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को विद्यार्थी परिषद द्वारा जंगी प्रदर्शन किया गया। करीब आधा घंटे तक कार्यकर्ताओं ने परिसर की विद्युत सप्लाई बंद रखकर नारेबाजी की और इसके बाद विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव को आधा दर्जन मांगों का ज्ञापन सौंपा।विद्यार्थी परिषद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष जनार्दन पटना ने बताया कि हाल ही में विश्वविद्यालय द्वारा जो परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है, उनमें कई विद्यार्थियों के उपस्थिति होने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दर्शाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कर्मशिला और आलेख भवन में बिजली-पानी और संपूर्ण परिसर में साफ-सफाई का अभाव है। इन्हीं सब बिंदुओं को लेकर विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया। प्रभारी कुलसचिव हर्षित ताम्रकार को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिन में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।








