
सामने आया सीसीटीवी वीडियो, थाने में हुई शिकायत
छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर से बाइक चोरी होने की घटनाएं बदस्तूर जारी हैं। बीते रोज एक बार फिर यहां से बाइक चोरी की घटना सामने आई है। पीडि़त युवक ने अस्पताल के सीसीटीवी वीडियो निकलवाने के बाद कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।सटई रोड की यादव कॉलानी निवासी आकाश पाल ने बताया कि वह जिला अस्पताल के टीबी विभाग का कर्मचारी है। शुक्रवार की दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी वृद्ध दादी को भर्ती कराने के लिए जिला अस्पताल आया था, जहां पार्किंग में उसने अपन हीरो कंपनी की आई-स्पलैण्डर बाइक क्रमांक एमपी 16 एमएच 6319 खड़ी की थी। कुछ समय बाद जब वह बाहर आया तो उसकी बाइक गायब थी। आकाश ने तत्काल परिसर के सीसीटीवी वीडियो की जांच कराई जिसमें एक अज्ञात युवक उसकी बाइक को ले जाते हुए दिख रहा है। इसी वीडियो के आधार पर आकाश ने कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल से बाइक चोरी होने की दर्जनों घटनाएं अब तक सामने आ चुकी हैं लेकिन किसी भी चोरी का आज तक खुलासा नहीं हुआ है।








