
चंदला। नगर से अजयगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर सर्किट हाउस चौराहे से पटेल क्रेशर तक महीन कंक्रीट पड़ी होने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। बताया गया है कि यह कंक्रीट क्रेशर से परिवहन करने वाले ट्रकों से गिरकर सड़क पर फैली है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि चूंकि क्रेशर से कंक्रीट भरकर जाने वाले वाहन ओवरलोड होते हैं जिस कारण से कंक्रीट सड़क पर गिरती है और बाद में अन्य वाहन हादसे का शिकार होते हैं। कई हादसे होने के बाद भी जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों को इसकी जानकारी होने के बाद भी अनदेखी की जा रही है।








