
हाथ और सिर पर किए कुल्हाड़ी से प्रहार, हालत गंभीर
छतरपुर। जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र में बाइक से जा रहे एक युवक के ऊपर शराबी व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। कुल्हाड़ी लगने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल युवक सुनील पुत्र हरि सिंह यादव उम्र 26 वर्ष निवासी जोरन ने बताया कि शुक्रवार की शाम को वह अपने साथी प्रेमचंद अहिरवार के साथ जोरन से चिरवारी जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे गांव के बलराम यादव ने उसे रोक लिया और इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल सुनील का कहना है कि आरोपी से उसका किसी भी तरह का विवाद नहीं है, संभवत: नशा अधिक होने के कारण बलराम ने उस पर जानलेवा हमला किया है। कुल्हाड़ी के वार सुनील के दोनों हाथों और सिर में लगे हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। घायल सुनील ने अलीपुरा थाना में घटना की शिकायत की और इसके बाद एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।









