
विवाद का कारण अज्ञात, घायल जिला अस्पताल में भर्ती
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के महोबा रोड पर बीती रात एक युवक के साथ करीब आधा दर्जन लोगों के द्वारा मारपीट कर दी गई। इतना ही नहीं हमलावरों ने मारपीट करने के बाद हवाई फायर भी किए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। उक्त घटना की वजह अभी सामने नहीं आई है। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।महोबा रोड की विश्वनाथ कॉलोनी के रहने वाले सुधीर उर्फ गोलू पुत्र भगवानदास रैकवार उम्र 28 वर्ष ने बताया कि बीती रात वह महोबा रोड से अपने दो अन्य दोस्तों के साथ घर की ओर जा रहा था तभी मोहल्ले का अरुण कढ़ा अपने दो दर्जन साथियों के साथ आया और उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। सुधीर का आरोप है कि मारपीट के बाद अरुण कढ़ा ने हवाई फायर भी किए। विवाद के दौरान उसके दोस्त जान बचाकर भाग गए थे। घटना के बाद सुधीर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। सुधीर ने बताया है कि आरोपियों से उसका कोई विवाद नहीं है, मारपीट और हवाई फायर किए जाने की वजह उसे भी पता नहीं है। बहरहाल कोतवाली पुलिस ने अस्पताल की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच करने का भरोसा घायल को दिया है।








