
छतरपुर। मप्र लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा 2021 के परिणाम गत 30 तारीख को घोषित कर दिए गए हैं। शहर की बेटी हेमा वर्मा ने मैरिट में स्थान बनाकर नगर और परिवार का मान बढ़ाया है। उसकी इस सफलता पर बधाईयों का तांता लग गया। जिला मुख्यालय से जुड़े ग्राम हमा की प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका सहुदिया अहिरवार एवं डिप्टी रेंजर बसंतलाल अहिरवार की पुत्री हेमा ने एडीपीओ की परीक्षा पास की है। ज्ञात हो कि हेमा ने अपनी स्कूली पढ़ाई केन्द्रीय विद्यालय छतरपुर से पूर्ण की। इसके बाद पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय से बीए एलएलबी की डिग्री हासिल की। इसी समय उसने लोकसेवा आयोग सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी की परीक्षा दी जिसमें वह सफल हुई है। बेटी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरू और बड़े मम्मी-पापा को दिया है।







