
पुलिस पर हत्या को हादसा बनाने के आरोप
छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के ग्राम छापर के रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक देवीदीन अहिरवार का शव 30 मार्च को सड़क पर क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया था। पुलिस ने इस मामले में जांच के बाद इसे हादसा माना था लेकिन अब इस मामले में परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। देवीदीन अहिरवार की बहिन हरकुंवर अहिरवार और उसके परिवार ने सोमवार को एसपी अगम जैन के कार्यालय में आकर एक शिकायती ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाए हैं कि देवीदीन अहिरवार का प्रेम प्रसंग गांव की ही रहने वाली निशा अहिरवार के साथ था। यह रिश्ता निशा के परिवार को पसंद नहीं था इसलिए उसकी मां गौरीबाई और भाई सूरज अहिरवार उसे कई बार धमका चुके थे। 30 मार्च की शाम करीब 5 बजे देवीदीन अहिरवार घर से खेती के काम के लिए निकला था और फिर उसकी हत्या कर दी गई। अगले दिन सुबह उसकी लाश संदिग्ध अवस्था में मिली। उसके शरीर पर मारपीट के निशान थे लेकिन पुलिस ने इसे दुर्घटना बताया है। परिवार को संदेह है कि देवीदीन की हत्या की गई है। पीडि़त परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले की गंभीर जांच कराई जाए ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।








