
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पलौठा मार्ग पर संत कबीर आश्रम के पास पुलिस ने 7 पेटी अवैध शराब जप्त की है। थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि सबनींगर मोहल्ला छतरपुर निवासी अरशद खान उर्फ टीपू करिया उम्र 30 साल के द्वारा संत कबीर आश्रम के पास झाडियों में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उक्त अवैध शराब जप्त कर ली है। साथ ही अरशद खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। जप्त पेटियों में कुल 63 लीटर शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपए है। अरशद के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही की गई है।








