
छतरपुर। मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी में पैदल जा रहे अधेड़ को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया जिससे अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की पंचनामा कार्यवाही के बाद शनिवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम बरद्वाहा निवासी रामराजा परमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई संतोष सिंह पुत्र महूम सिंह परमार उम्र 50 साल शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे बाजार करने के लिए मातगुवां गया था। बाजार करने के बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे वह पैदल अपने घर जा रहा था तभी खैरी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक चालक, वाहन सहित मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से संतोष को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मातगुवां पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर घटना कारित करने वाले ट्रक की तलाश शुरु कर दी है।








