
चोरी की घटना का 24 घंटे में किया खुलासा, चोरी का माल जप्त
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुगासी में बीते रोज हुई एक चोरी की घटना को गंभीरता से लेकर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए चोरों से चोरी का माल जप्त करने के बाद शनिवार को पुलिस ने तीनों चोरों को न्यायालय में पेश किया। लुगासी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक बलराम सिंह यादव ने बताया कि बीते रोज लुगासी के एक व्यक्ति ने उसके घर से जेवरात और नगदी चोरी होने की रिपोर्ट चौकी में दर्ज कराई थी। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध धारा 380, 457 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदेही कृष्णा पुत्र अरविंद राजपूत उम्र 20 वर्ष, नरेंद्र पुत्र मुन्नू अहिरवार उम्र 22 वर्ष और विजय पिता चिल्लू अहिरवार उम्र 20 वर्ष तीनों निवासी ग्राम बरट थाना नौगांव को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में तीनों ने चोरी का जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 62 हजार 512 रुपए के जेवरात और 13 हजार 300 रुपए की नगदी जप्त कर ली है।








