
बाजार में घुस रहे ई-रिक्शा वाहनों से बढ़ रही समस्या
छतरपुर। करीब एक सप्ताह पूर्व यातायात पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की थी लेकिन सप्ताह खत्म होने से पहले ही स्थिति जस की तस हो गई है। व्यापारियों ने एक बार फिर से दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर लिया है जिस कारण से पुन: जाम की स्थिति निर्मित होने लगी है। इसके साथ ही बाजार में घुसने वाले ई-रिक्शा वाहनों के कारण समस्या और अधिक बढ़ गई है। व्यापारी हरिप्रसाद असाटी ने बताया कि कुछ व्यापारी व्यवस्था बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिस कारण से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण और बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में घुसने वाले ई-रिक्शा वाहनों के कारण दिन भर यहां जाम की स्थिति निर्मित होती है। उन्होंने कहा है कि बाजार क्षेत्र में प्रवेश करने वाले ई-रिक्शा वाहनों को प्रतिबंधित करने अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही होने के बाद ही यहां के हालात में सुधार होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि बाजार क्षेत्र में हटवारा से लेकर महल तिराहा तक दिन भर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। जाम का एक कारण यहां के दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण भी है। हालात यह हैं कि लोगों को पैदल चलते में भी परेशानी हो रही है। लगभग एक सप्ताह पूर्व चलाई गई अतिक्रमण विरोधी मुहिम का भी बाजार में कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है।
व्यवस्था बनाने के लिए यातायात प्रभारी के प्रयास जारी
वहीं दूसरी ओर शहर के यातायात प्रभारी वृहस्पति साकेत द्वारा लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बस स्टैंड के समीप स्थित जोगिंदर सिंह पेट्रोल पंप के पास से छत्रसाल चौराहे तक चलने वाले ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों के लिए स्थान चिन्हित कर चालकों को निर्देशित किया है कि वे चिन्हित स्थानों से ही सवारियों को बैठाएं और उतारें। इसके लिए एक निगरानी दल गठित किया गया है, जो नियम का पालन कराएगा। यातायात प्रभारी ने जोगिंदर पेट्रोल पंप से छत्रसाल चौराहे तक के लिए एक रोड मैप तैयार किया है, जिसके अनुसार ई-रिक्शा और ऑटो वाहनों का संचालन किया जाएगा। अगले चरण में छत्रसाल चौक से पन्ना नाके तक के लिए इस प्रकार की व्यवस्था तैयार की जाएगी।







