
पीडि़त परिवार ने एसपी से की शिकायत, मिल रहीं धमकियां
छतरपुर। गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम खड्डी में करीब 5 माह पहले हुई मारपीट के मामले में पुलिस पर कार्यवाही न करने के आरोप लगे हैं। पीडि़त पक्ष का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण वे लगातार राजीनामा का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर पीडि़त परिवार ने आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है। खड्डी निवासी रामप्रसाद प्रजापति ने बताया कि 28 अक्टूबर 2023 की सुबह करीब 10 बजे गांव के राजकुमार पाल, राजकिशोर पाल, हरपाल पाल, आलोक मिश्रा और बल्दू पाल ने उसके पिता मुन्नी लाल प्रजापति के ऊपर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था। बचाव के दौरान आरोपियों ने उसकी मां के साथ भी मारपीट की थी। घटना दिनांक को ही आरोपियों की शिकायत गौरिहार थाने में की गई थी, जिस पर पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच करने की बात कही थी। करीब 5 माह का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जिसके चलते आरोपी रामप्रसाद के ऊपर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं, और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर रामप्रसाद ने आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है।








