
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र का ग्राम गढ़ा इन दिनों बागेश्वर धाम मंदिर के लिए संपूर्ण विश्व में ख्याति पा रहा है लेकिन कुछ असमाजिक लोग गांव की धार्मिक छवि को धूमिल करने का काम कर रहे हैं। दरअसल नेशनल हाईवे से ग्राम गढ़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर गंज तिराहा के समीप एक व्यक्ति ने बागेश्वर धाम रेस्टोरेंट खोला है और रेस्टोरेंट के संचालक द्वारा यहां शराब का विक्रय किया जा रहा है। हालांकि मंदिर क्षेत्र में सैकड़ों अन्य होटल, रेस्टोरेंट हैं जो कि सादगी के साथ नियमों का पालन करते हुए संचालित हो रहे हैं ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो लेकिन गंज तिराहा के समीप संचालित बागेश्वर धाम रेस्टोरेंट का संचालक अधिक लाभ कमाने के चक्कर में शराब विक्रय करने का अनैतिक कार्य कर रहा है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त रेस्टोरेंट पर शराब का विक्रय होने की जानकारी बमीठा पुलिस को है, बावजूद इसके उसके विरुद्ध कार्यवाही नहीं की जा रही है। होटल संचालक द्वारा पिछले कई महीनों से शराब का विक्रय किया जा रहा है, जिसके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं।








