
छतरपुर। अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए सीएसपी अमन मिश्रा ने शनिवार को जिला मुख्यालय के छत्रसाल चौक के पास सरेआम शराबखोरी कर रहे संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि छत्रसाल चौक से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित बीएसएनएल ऑफिस के सामने वाले यात्री प्रतीक्षालय में कुछ संदिग्ध लोगों के होने तथा उनके द्वारा शराबखोरी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद सीएसपी ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया तथा सिविल लाइन पुलिस के साथ मौके पर छापामार कार्यवाही करते हुए संदेहियों को हिरासत में ले लिया। कार्यवाही के दौरान स्थानीय दुकानदारों को समझाइश दी गई कि आसपास कोई भी संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि का संचालन होने पर वे निडर होकर पुलिस को सूचना दें, ताकि कार्यवाही की जा सके।








