
महाराजपुर। नगर में इन दिनों जगह-जगह गणेश पंडाल सजाए गए हैं, जहां हर रोज धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीती शाम नगर के वार्ड नंबर 4 झिंनन मोहल्ले के गणेश पंडाल में महाआरती, छप्पन भोग और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सामूहिक कार्यक्रम हुआ। महाआरती से पहले पूरे पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसके बाद भक्तों ने डीजे पर भगवान गजानन की आरती बजाकर महाआरती उतारी, साथ ही गणपति को छप्पन भोग लगाए गए। प्रसाद वितरण के बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित जनसमूह ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह वर्धन किया, वहीं समिति की ओर से बच्चों को पुरस्कार दिए गए।







