
लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थी महिला
छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के अतरार गांव की एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया और इलाज के दौरान बुधवार की देर रात जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनगर क्षेत्र के उदयपुरा गांव की 18 वर्षीय राजकुमारी अहिरवार का विवाह दो साल पहले अतरार गांव के जयप्रकाश अहिरवार के साथ हुआ था और 6 माह पूर्व राजकुमारी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे जब पूरा परिवार खेत पर था तभी राजकुमारी ने जहर खा लिया। जानकारी लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। दो दिनों तक उसका चलता रहा और अंतत: उसने दम तोड़ दिया। मृतिका के पिता चपटा अहिरवार ने बताया कि जब से राजकुमारी ने संतान को जन्म दिया तभी से वह बीमार रहती थी। संभवत: इसी से तंग आकर उसने जहर खाया है। वहीं मृतिका के पति जयप्रकाश अहिरवार ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 9 वह खेत में फसल काट रहा था, तभी पड़ोसी ने फोन पर घटना की जानकारी दी थी।







