
भू-स्वामी ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
छतरपुर। जनपद पंचायत छतरपुर अंतर्गत आने वाले ग्राम महेबा के पूर्व सरपंच पर एक व्यक्ति द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा कर रेत निकालने के आरोप लगाए हैं। भू-स्वामी ने पुलिस को शिकायती आवेदन देकर उसकी जमीन से कब्जा हटवाने और कब्जा करने वाले पर कार्यवाही करने की मांग की है। ग्राम गौरगांय निवासी रविन्द्र रिछारिया ने बताया कि महेबा तहसील क्षेत्र में उसके स्वामित्व की भूमि है, जिस पर ग्राम पंचायत महेबा के पूर्व सरपंच रानू घोषी द्वारा अवैध तरीके से कब्जा कर लिया गया है और रेत निकाली जा रही है। रविन्द्र के मुताबिक पूर्व में जब उसने रानू घोषी को रोकने का प्रयास किया था तब रानू ने उक्त जमीन को अपनी जमीन बताया था, जिसकी शिकायत उसके द्वारा ओरछा थाना में की गई थी। उस समय पुलिस ने जांच के बाद सीमांकन कराने के निर्देश दिए थे। सीमांकन में भी जमीन रविन्द्र की निकली लेकिन इसके बाद भी रानू जमीन पर कब्जा जमाए हुए है और लगातार रेत निकाल रहा है। ओरछा रोड थाना पुलिस को आवेदन देकर रविन्द्र ने उसकी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।








