
फोटो कैप्सन- घायल पति एवं मृतक पत्नि की फोटो
छतरपुर। शहर के नौगांव रोड पर बीती रात हुई सड़क दुर्घटना में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि उसका पति गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। घायल का इलाज जारी है, जबकि मृतिका का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पड़ोसी जिले महोबा के श्रीनगर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम ननौरा का रहने वाला बिहारी लाल अनुरागी ने बताया कि वह अपनी 48 वर्षीय पत्नी धनकुर अनुरागी के साथ नौगांव में रहने वाले अपने साढू के यहां बीते रोज आया था। रात के वक्त बिहारी लाल अनुरागी को सूचना मिली कि उसकी बेटी क्रांति की डिलीवरी जिला अस्पताल में हो रही है और उसकी हालत गंभीर है। सूचना मिलने के बाद रात करीब 11 बजे बिहारी लाल अपनी पत्नी धनकुर के साथ नौगांव से जिला अस्पताल आ रहा था तभी धमौरा के पास एक तेज रफ्तार बस ने बाईक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बिहारी लाल बाईक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरा जबकि उसकी पत्नी धनकुर के ऊपर से बस का एक पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से घायल बिहारी लाल और उसकी मृत पत्नी के शव को जिला अस्पताल लाया गया। बिहारी लाल का जिला अस्पताल में ही इलाज जारी है, जबकि उसकी उसकी पत्नी का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।








