
बाल-बाल बची युवक की जान, इलाज जारी
बड़ामलहरा। बाईक से जा रहे एक युवक के गले में बिजली का तार फंस जाने के कारण वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में बाईक चालक युवक की जान बाल-बाल बच गई है, फिलहाल बड़ामलहरा के अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है।बड़ामलहरा निवासी लोकेन्द्र सिंह पुत्र हीरा सिंह बुंदेला उम्र 35 वर्ष ने बताया कि वह एक निजी संस्था में जिला समन्यवक के पद पर पदस्थ है। मंगलवार की सुबह वह संस्था के काम से अपने कार्य क्षेत्र ग्राम कीरतपुरा जा रहा था तभी ग्राम कांटी के समीप उसके गले में विद्युत तार फंस गए और वह घायल हो गया। उक्त विद्युत तार कांटी निवासी किसान चेतराम यादव के बताए गए हैं, जो कि विद्युत पंप चलाने के लिए तार बिछाए हुए था। घटना के बाद लोकेन्द्र सिंह को एंबुलेंस की मदद से बड़ामलहरा लाया गया। डॉ. अरुण शुक्ला ने बताया कि लोकेन्द्र के गले और हाथ में चोट आई है। गौरतलब है कि क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के किसानों ने कई स्थानों पर इसी तरह से कम ऊंचाई पर विद्युत लाइन बिछा रखी है, जिस कारण से अक्सर दुर्घटनाएं हो जाती हैं।









