
गोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को दी जानकारी
छतरपुर। शासकीय कन्या पीजी महाविद्यालय छतरपुर में मंगलवार को एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का विषय पर्यावरण शिक्षण एवं सुरक्षा था, इसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्राध्यापक डॉ. ममता वाजपेई ने छात्राओं को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण से संबंधित आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पॉलीथिन का उपयोग न करना सामाजिक जगह पर कचरा न फैलाना आदि की जानकारी दी। अतिथि वक्ता एसीएफ फॉरेस्ट स्वामी कार्तिक नायक ने अपने व्याख्यान में छात्राओं को पर्यावरण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। श्री नायक ने छात्राओं को बताया कि कैसे तात्कालिक सुविधा हमें प्रकृति से दूर ले जाती है एवं संतुलन बिगाड़ देती है जिसके दूरगामी परिणाम भयंकर हो सकते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं जिसमें स्नेहा तिवारी, उमा अहिरवार, अंजलि अहिरवार और अन्य छात्राओं ने अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ पीके दीक्षित ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में रामचरितमानस की चौपाई के द्वारा पर्यावरण के महत्व एवं सौंदर्य को छात्राओं के सामने प्रस्तुत किया।








