
नौगांव रोड पर स्कॉर्पियो पलटी, दो की मौत, तीन घायल
छतरपुर। बीती रात एक हृदय विदारक घटना ने सुनने वालों को झकझोर दिया। एक नौजवान जो अपना 25वां जन्मदिन मना रहा था उसे नहीं पता कि यह जन्मदिन उसका आखिरी है। स्कॉर्पियो का डेमो करने के दौरान सामने आयी गाय को बचाने पर कार पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में चानना बस सर्विस के संचालक के बेटे और एक कर्मचारी की मृत्यु हो गई। जबकि इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक चानना बस सर्विस के संचालक हैप्पी चानना के बेटे निखिल का मंगलवार को 25वां जन्मदिन था। हैप्पी ने अपने बेटे निखिल से रात करीब 12 बजे बात की और जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए घर आने के लिए कहा। निखिल ने आधा घंटे में घर आने के लिए बोला था। रात करीब एक बजे स्कॉर्पियो में बैठकर अमन अग्रवाल पुत्र अशोक अग्रवाल, जयकरण सिंह, अमरजीत व मनोज सैनी छतरपुर की ओर आ रहे थे तभी नौगांव रोड में स्थित गैस गोदाम के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जाता है कि सामने से अचानक गाय आ गई जिसको बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में निखिल, जयकरण, अमन, अमरजीत व मनोज सैनी घायल हो गए। अधिक चोटें आने और खून निकलने के कारण जयकरण की मौके पर ही मौत हो गई जबकि निखिल ने जिला अस्पताल में आखिरी सांस ली। शेष तीन युवकों को रिफर किया गया है। हादसे की जानकारी लगने पर व्यापारियों के अलावा बस संचालकों में गहरा शोक है। सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि ओरछा रोड थाना क्षेत्र में हुई घटना के बारे में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।








