
स्कूली वाहनों सहित अन्य वाहनों को जांचा, दिए दिशा-निर्देश
छतरपुर। शहर के नवागत यातायात प्रभारी वृहस्पति साकेत पदभार संभालने के बाद यातायात व्यवस्था को सुधारने की मंशा से सड़कों पर निकले। इस दौरान उन्होंने स्कूली वाहनों सहित अन्य वाहनों के दस्तावेजों को जांचा, साथ ही नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को रोककर सख्त हिदायत दी।इस दौरान यातायात प्रभारी श्री साकेत को एक स्कूल बस के दस्तावेजों में कमी मिली, जिस पर उन्होंने बस चालक को बच्चों को उनके घरों तक पहुंचाने के बाद स्कूल के प्राचार्य और वाहन सहित यातायात थाने पहुंचने के निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुए यातायात प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आज वे शहर का भ्रमण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर रहे हैं। उन्होंने स्कूली वाहनों के अलावा अन्य यात्री बसों, दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को रोककर दस्तावेजों की जांच की तथा चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि स्कूली वाहनों में जो कमियां पाई गई हैं, उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात प्रभारी ने बस स्टैंड पहुंचकर बस चालकों को भी चेतावनी दी कि वे बसों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं, यदि कोई भी ऐसा करते पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही होगी। उन्होंने बस चालकों को तीन दिवस के अंदर बसों में पाई गई खामियों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। कार्यवाही के दौरान दो बसों को पकड़ा गया।








