
छतरपुर। जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर द्वारा आयोजित अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में एमसीबीयू के कलाकार छात्र छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी यूनिवर्सिटी का परचम फहराया है। यूटीडी सहित यूनिवर्सिटी क्षेत्राधिकार के विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागियों ने अपने उम्दा प्रदर्शन से छह विधाओं में पुरस्कार पाए है। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी, छतरपुर ने स्किट(हास्य नाटिका) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, एकांकी, मिमिक्री तथा पोस्टर प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान और प्रश्न मंच तथा क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।मीडिया प्रभारी डॉ एसपी जैन एवं सदस्य श्रीमती पूजा तिवारी (सहा. प्राध्यापक) ने बताया कि जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में मध्य प्रदेश की सभी 11 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया था। इस युवा उत्सव में साहित्यिक, सांस्कृतिक, सांगीतिक एवं रूपांकन संबंधी 22 विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन सभी विधाओं में एमसीबीयू ,छतरपुर के छात्र छात्राओं के दल ने सक्रिय सहभागिता की तथा अपने शानदार प्रदर्शन से खूब वाहवाही पाईं। टीम मैनेजर की भूमिका डॉ अपर्णा प्रजापति एवं डॉ निकिता यादव ने निभाई।स्किट स्पर्धा में एमसीबीयू के दल को प्रथम स्थान मिला। मिमिक्री में आफरीन बानो को , पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में मेघा निरंजन को और एकांकी में एमसीबीयू के दल को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। क्ले मॉडलिंग स्पर्धा में सीमा प्रजापति को और प्रश्न मंच में एमसीबीयू के दल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस प्रकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में एमसीबीयू को कुल 6 पुरस्कार प्राप्त हुए। एमसीबीयू के प्रतिभागियों की इस सफलता पर कुलपति प्रो. शुभा तिवारी, कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल एवं युवा उत्सव प्रभारी डा. ममता बाजपेई सहित यूनिवर्सिटी परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।








