
9 मार्च तक आठ टीमों के बीच होंगे रोमांचक मुकाबले
महाराजपुर। नगर के हर वर्ष आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले एमपीएल यानि कि महाराजपुर प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण का शुक्रवार को आगाज हुआ। इस संस्करण में क्षेत्र की कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनके बीच आगामी 8 मार्च तक प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और इसके बाद 9 मार्च को खिताबी मुकाबला होगा। नगर के पंडित जवाहर लाल नेहरू खेल मैदान में शुरु हुए टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच बागेश्वर धाम क्रिकेट क्लब और फतेह सिंह बब्बा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह टीकाराजा रहे, जिन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए कमेटी को साधुवाद दिया।दोपहर करीब 1 बजे मुख्य अतिथि टीकाराजा ने विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र चौरसिया के साथ एमपीएल सीजन-3 का ध्वज फहराते हुए टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। तदपुरांत पहले दिन मैच खेलने वाली दोनों टीमों के खिलाडिय़ों का अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर परिचय लेते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री चौरसिया ने टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीम को अपनी ओर से पुरस्कृत करने का ऐलान किया। इस अवसर पर नगर के खेलप्रेमियों ने विधायक के सामने इस खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया। उद्घाटन समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौरसिया, पार्षद ग्यासी, हरेश, हरिओम गब्बू चौरसिया सहित सैकड़ों खेलप्रेमी मौजूद रहे।फतेह सिंह बब्बा क्रिकेट क्लब ने जीता उद्घाटन मैचउद्घाटन मैच में टॉस जीतकर फतेह सिंह बब्बा क्रिकेट क्लब ने विपक्षी टीम बागेश्वर धाम क्रिकेट क्लब को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बागेश्वर धाम क्रिकेट क्लब ने 102 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेह सिंह बब्बा क्रिकेट क्लब ने 7 विकेट से इस मुकाबले में जीत हासिल की। इस मुकाबले में अंपायर की भूमिका सचिन चौरसिया और संतोष यादव ने निभाई। उल्लेखनीय है कि एमपीएल सीजन-3 में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें बागेश्वर धाम क्रिकेट क्लब, फतेह सिंह बब्बा क्रिकेट क्लब, सुमित लल्ला फ्रेंड्स क्लब, अध्यापक क्रिकेट क्लब, दरबार सुपर किंग, गंजू नाइट राइडर, श्रीराम जानकी क्रिकेट क्लब और रॉयल किंग क्लब शामिल हैं।








