छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दौरिया के एक गांजा तस्कर को पुलिस ने उस वक्त दबोच लिया जब वह अवैध गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा था। नौगांव थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दौरिया में आटा चक्की के पास एक व्यक्ति अवैध गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एक टीम को रवाना किया गया, जिसने घरोबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास 400 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पकड़ा गया युवक दौरिया गांव का ही रहने वाला है एवं उसकी उम्र करीब 30 वर्ष है। जप्त गांजा की कीमत 4 हजार रुपए आंकी गई है। पकड़े गए युवक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी के अलावा सहायक उपनिरीक्षक शिवदयाल, प्रधान आरक्षक देवीदास, मनीष त्रिपाठी, अरविन्द शर्मा, सुनील त्रिपाठी, आरक्षक जितेन्द्र, अनिल साहू, राजकुमार, अजय साहू, महिला आरक्षक सीमा, रानू की सराहनी भूमिका रही।








