
छतरपुर। एक अधेड़ युवक के साथ उसीके गांव के कुछ शराबियों ने इस लिए मारपीट कर दी क्योंकि अधेड़ ने उनके कहने पर शराब पीने से मना कर दिया था। घायल व्यक्ति का छतरपुर जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घायल पलतुआ पुत्र गजुआ कुशवाहा ने बताया कि वह टीकमगढ़ जिले के कुड़ीला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पचेरघाट का रहने वाला है। रविवार की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने खेतों पर था। वहीं पास के खेत पर गांव के कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। पलतुआ के अनुसार वह घूमते हुए पार्टी स्थल के पास पहुंचा जहां शराब के नशे में धुत्त राजेंद्र यादव, नीरज सेन और सटोला कुशवाहा ने उससे शराब पीने के लिए कहा। जब पलतुआ ने शराब पीने से मना किया तो तीनों ने उसके साथ लात-घूंसों से तब तक मारपीट की जब तक कि वह बोहोश न हो गया। पलतुआ को खेत पर बेहोश छोड़कर तीनों वहां से भाग गए। बाद में जब परिजनों को घटना की जानकार मिली तब उनके द्वारा पुलिस से शिकायत करते हुए पलतुआ को छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।








